जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल के पास गुरुवार दोपहर ट्रक चालक के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित चालक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित ट्रक चालक बिहार के बक्सर जनपद का निवासी है। वह अपनी गाड़ी लेकर चोपन डाला लोडिंग के लिए जा रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी एक व्यक्ति और उसके एक अज्ञात साथी ने सिटी अस्पताल के पास उसे रोक लिया। चालक के अनुसार, दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। यह घटना दोपहर लगभग डेढ़ बजे की बताई जा रही है।
पीड़ित चालक ने घटना की लिखित तहरीर कोतवाली में दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।