गाजीपुर| महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में 23 सितंबर से 13 अक्टूबर 2025 के बीच लिए गए सैंपलों की एलीजा विधि से जांच का परिणाम 22 अक्टूबर को प्राप्त हुआ। इसके अनुसार कुल 18 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं।
इन 18 मरीजों में से 13 अन्य प्रांतों और जनपदों से आए थे, जिनमें पंजाब से 2, महाराष्ट्र से 3, गुजरात से 2 तथा हरियाणा, तेलंगाना, तमिलनाडु, दिल्ली, लखनऊ और वाराणसी से एक-एक मरीज शामिल हैं। सभी मरीजों को मेडिकल कॉलेज के चिकित्सालय में उपचार के बाद पूर्ण रूप से स्वस्थ कर दिया गया है। अधिकांश मरीज पहले भी किट से पॉजिटिव पाए गए थे। जिले में अब तक कुल 49 मरीजों के डेंगू पॉजिटिव होने की सूचना प्राप्त हुई है। अन्य प्रांतों और जनपदों से आए मरीजों की पुष्टि और संबंधित प्रांतों को सूचित करने के बाद यह संख्या कम भी हो सकती है।
पिछले वर्षों में 24 अक्टूबर तक डेंगू मरीजों की संख्या इस प्रकार रही है: 2021 में 67, 2022 में 65, 2023 में 237, और 2024 में 65। इस वर्ष की स्थिति अब तक नियंत्रण में मानी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे पूरी सतर्कता बरतें और बुखार आने पर नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच और उपचार कराएं।