जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बरुईन मठिया गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी की चोरी कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, पीड़ित ने बताया कि बुधवार की भोर करीब चार बजे उसकी पत्नी और बहन ने घर में चोरी की जानकारी दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। बक्से, अटैची, बैग और आलमारी खुली हुई थीं। जांच करने पर पता चला कि घर से तीन सोने की अंगूठियां, एक सोने की सिकड़ी, एक मांगटीका, एक नथिया, एक जोड़ी चांदी की पायल और करीब नौ हजार रुपये नकद चोरी हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास के इलाकों में संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है।