गाजीपुर| जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत घरेलू हिंसा एवं दहेज उन्मूलन विषय पर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ब्लॉक सदर के ग्राम मैनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं, विकास खंड मनिहारी, मरदह और रामपुर के प्राथमिक विद्यालय ढोढहा में भी मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम संपन्न हुए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों एवं सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। रैली में विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने महिला कल्याण विभाग की यूनिट हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से जागरूकता संदेशों का प्रसार किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती नेहा राय (जिला मिशन कोऑर्डिनेटर) एवं जेंडर स्पेशलिस्ट लक्ष्मी मौर्य ने उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 एवं दहेज उन्मूलन से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी महिला पर घरेलू हिंसा होती है तो वह 60 दिनों के भीतर दीवानी उपचार प्राप्त कर सकती है। यह अधिनियम सभी महिलाओं — चाहे वे बहनें, माताएं, विधवाएं या एकल महिलाएं हों — को कानूनी संरक्षण प्रदान करता है। इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया तथा ग्रामीण महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों (112, 1090, 181, 1076, 108) की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके योगदान को प्रेरणास्रोत बताया गया।