गाजीपुर| भारत के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह अभियान को लेकर आज भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, उ0प्र0 सरकार श्री रविंद्र जायसवाल ने की। प्रभारी मंत्री ने जानकारी दी कि “सरदार/150 यूनिटी मार्च” जयंती समारोह अभियान के अंतर्गत जिलेभर में 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर 2025 तक “रन फॉर यूनिटी” सहित तीन स्तरीय पदयात्रा एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी विधानसभाओं में 1 नवंबर से 25 नवंबर के बीच 8 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक जनपद से पांच युवा प्रतिनिधि सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मभूमि करमसद पहुंचेंगे। गाजीपुर जिले में 31 अक्टूबर को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय स्तर के खिलाड़ी व युवा बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से “अखंड भारत से आत्मनिर्भर भारत” की भावना को प्रबल किया जाएगा। साथ ही अभियान के दौरान विद्यालयों, कॉलेजों, पार्कों एवं शैक्षणिक संस्थानों में निबंध, भाषण, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानुप्रताप सिंह एवं जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा उपस्थित रहे।