गाजीपुर| मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं ग्राम पंचायतों में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। थाना खानपुर क्षेत्र के ग्राम गोरखा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, दूधनाथ चौहान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुरैनी (थाना शादियाबाद), थाना जंगीपुर, रेलवे स्टेशन दुल्लहपुर, स्कूलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ थाना बिरनो क्षेत्र के ग्राम बद्धोपुर मंदिर परिसर, थाना सैदपुर, थाना मरदह के ग्राम पंचायत पहलीपुर, थाना दिलदारनगर और थाना रामपुर माझा आदि स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए। इन कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीण महिलाओं, सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, प्राइवेट स्कूलों, अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई।विद्यालयों में बालिकाओं और छात्रों को महिला सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 1076 और 108 की जानकारी प्रदान की गई।
मिशन शक्ति केंद्रों पर महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं और प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे —
1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन सेवा), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102/108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) — की विस्तृत जानकारी दी गई। थाना दुल्लहपुर क्षेत्र की मिशन शक्ति केंद्र टीम द्वारा ग्राम देवा में शिकायत पेटिका की जानकारी दी गई, जबकि मुहम्मदाबाद और नोनहरा की टीम ने ग्राम साथीपुर में एम्बुलेंस सेवाओं की जानकारी साझा की। इसी तरह, शादियाबाद टीम ने स्थानीय मार्केट में महिलाओं को सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों से अवगत कराया। कार्यक्रमों में पुलिस विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग एवं ग्राम पंचायत स्तर के कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर विशेष उपलब्धियों के लिए शिक्षिकाओं, बालिकाओं एवं अन्य महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।