जमानिया। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर पूरे इलाके में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। सोमवार की शाम अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य देने में अब महज 29 घंटे से भी कम का समय शेष है। इसी के साथ बाजारों में रौनक चरम पर है और चारों ओर छठ गीतों की मधुर ध्वनि से वातावरण भक्तिमय हो उठा है। फलों और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाजारों में उमड़ रही है। वहीं कई फलों के दामों में अप्रत्याशित उछाल देखने को मिल रहा है। फैजाबादी लाल ईख की मांग सबसे अधिक है, जिसके चलते इसके दाम 6 पीस पर 250 रुपये तक पहुंच गए हैं। बावजूद इसके श्रद्धालु उत्साहपूर्वक खरीदारी कर रहे हैं।
अन्य फलों के दाम भी आसमान छू रहे हैं — सेव 80 से 100 रुपये किलो, संतरा 60 से 80 रुपये किलो, केला 40 से 50 रुपये दर्जन, नारियल 50 रुपये प्रति पीस, अनानास 60 रुपये प्रति पीस, सिंघाड़ा 60 रुपये किलो, अनार 160 से 200 रुपये किलो, अमरूद 100 रुपये किलो और सूप 100 से 120 रुपये प्रति पीस बिक रहे हैं। पर्व को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे तहसील क्षेत्र में 44 गंगा घाटों और पोखरों पर डाला छठ का पर्व मनाया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से 30 से अधिक छोटी-बड़ी नावें, गोताखोर, आपदा मित्र, पुलिस बल, मजिस्ट्रेट, लेखपाल और बीडीओ की ड्यूटी लगाई गई है। श्रद्धालु 27 अक्टूबर की शाम 5:39 बजे अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि 28 अक्टूबर (मंगलवार) की सुबह 6:29 बजे उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन होगा। एसडीएम ज्योति चौरसिया ने क्षेत्रवासियों को छठ पर्व की हार्दिक बधाई दी है और लोगों से शांति एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सजग है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया।