जमानिया (गाजीपुर): कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव में शनिवार की देर रात नहर पुलिया के पास दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की मां झूनिया देवी ने रविवार को कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, जीवपुर निवासी कृष्णा यादव शनिवार की रात अपने साथी विकास डोम के साथ ढढनी बाजार से घर लौट रहा था। जब दोनों सब्बलपुर नहर पुलिया के पास पहुंचे, तो गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान विकास डोम पर हमला कर दिया गया। जब कृष्णा यादव बीच-बचाव करने लगा तो विलायी डोम ने उस पर बंके से प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। विकास डोम किसी तरह भागकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने घायल कृष्णा यादव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।