गाजीपुर| छठ पूजा के सायं अर्घ्य (सायंकाल) के पावन अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने सिकंदरपुर घाट से चीतनाथ घाट, गोलाघाट, कलेक्टर घाट होते हुए अब्दुल हमीद सेतु के माध्यम से गाजीपुर घाट तक नाव द्वारा निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शहर के विभिन्न घाटों का लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि छठी व्रतधारी महिलाओं द्वारा सायं अर्घ्य अर्पण का कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न हो। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार, एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र प्रसाद, उपजिलाधिकारी सदर रवीश गुप्ता, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, तहसीलदार सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, गाजीपुर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।