गाजीपुर| मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गाजीपुर ने बताया कि ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन एवं पशुपालकों की आर्थिक स्थिति में सुधार के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा भेड़ पालन योजना (रा.यो.) (राज्यांश 90% : लाभार्थी अंश 10%) अनुदान संख्या-15 के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना के तहत 20 मादा भेड़ और 1 मेढ़े की 5 यूनिटें स्थापित की जानी हैं।
प्रति इकाई की कुल लागत ₹1,70,000 निर्धारित की गई है, जिसमें —
राज्यांश (90%) ₹1,53,000,
लाभार्थी अंश (10%) ₹17,000 रहेगा।
पात्रता मानक:
लाभार्थी जनपद का स्थायी निवासी हो।
आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो।
लाभार्थी लघु, सीमान्त या भूमिहीन कृषक हो।
आवेदक के पास भेड़ों को रखने हेतु पर्याप्त स्थान होना आवश्यक है।
परंपरागत भेड़ पालकों एवं भेड़ पालन का प्रशिक्षण प्राप्त व्यक्तियों (भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान, अम्बिकानगर, टोंक, राजस्थान या केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, मखदूम, फरह, मथुरा, उ.प्र. से) को प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक भेड़ पालक निकटतम पशु चिकित्सालय या मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय, गाजीपुर में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।