गाजीपुर| रबी अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जनपद के सभी 16 राजकीय कृषि बीज गोदामों पर इस वर्ष भी सरसों, चना, मटर एवं गेहूं का बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही अधिक से अधिक किसानों को उच्च गुणवत्ता का बीज और अनुदान का लाभ मिल सके, इसके लिए मरदह, कासिमाबाद और जंगीपुर स्थित अन्य संस्थाओं के तीन केंद्रों से भी बीज वितरण की व्यवस्था की गई है। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय सरसों, चना एवं मटर की बुवाई के लिए अत्यंत उपयुक्त है। उन्होंने किसानों से अपील की कि किसी भी प्रकार का विलंब किए बिना अपने विकास खंड के राजकीय बीज गोदाम या उपरोक्त तीन केंद्रों से अनुदान पर बीज प्राप्त कर समय से बुवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि विलंब से बुवाई करने पर सरसों की फसल में रोग, कीट एवं पाले का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे उत्पादन में कमी की संभावना रहती है। इसी प्रकार चना और मटर की फसलें भी प्रभावित होती हैं। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि गेहूं का बीज भी सभी केंद्रों पर अनुदान पर उपलब्ध है। किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे 15 नवंबर तक गेहूं की बुवाई पूर्ण कर लें, क्योंकि देरी से बुवाई करने पर तापमान बढ़ने के कारण गेहूं के दाने पतले हो जाते हैं और उत्पादन में भारी गिरावट आती है। उन्होंने आगे बताया कि सरसों की खेती करने वाले किसानों को एनपीएस उर्वरक का प्रयोग करना चाहिए, जिसमें नाइट्रोजन, फास्फोरस के साथ सल्फर भी पाया जाता है। इससे सरसों की फसल का उत्पादन और तेल की मात्रा दोनों बढ़ जाती हैं। एनपीएस उर्वरक जनपद की सभी सहकारी समितियों एवं निजी विक्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसान अपनी सुविधा अनुसार पास मशीन में अंगूठा लगाकर उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में यूरिया और डीएपी उर्वरक की भी कोई कमी नहीं है। किसानों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सभी आवश्यक कृषि सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।