जमानिया। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जमानिया विधानसभा की एकदिवसीय कार्यशाला दिलदारनगर पंचायत हाल में आयोजित की गई। इस दौरान 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक चलने वाले विविध कार्यक्रमों की घोषणा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि सरदार पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को सभी बूथों पर मनाई जाएगी और उनके व्यक्तित्व व योगदान पर गोष्ठियों का आयोजन होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि 1 से 7 नवंबर तक सभी विद्यालयों में सरदार पटेल के जीवन पर निबंध, भाषण, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 7 नवंबर से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘रन फॉर यूनिटी’ पद यात्रा निकाली जाएगी, जिसका समापन जनसभा के साथ होगा। दौड़ के दौरान फूल वर्षा की भी व्यवस्था की जाएगी। दिलदारनगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करना चाहिए। वरिष्ठ भाजपा नेता बालकृष्ण त्रिवेदी ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि एकता, अखंडता और सेवा की भावना को दोहराने का अवसर है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में एकता दौड़, संगोष्ठी और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के माध्यम से उनके योगदान को नमन किया जाएगा। कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक विष्णु प्रताप सिंह, पांचों मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा, संदीप बिंद, जयप्रकाश मौर्य, अमित सिंह, प्रेमसागर राजभर, सहित अनिल यादव, सुनील सिंह, वरिष्ठ नेता पंकज राय और मीडिया प्रभारी संजीत यादव समेत भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

