जमानिया, गाजीपुर | कोतवाली क्षेत्र के सोनहरिया गांव स्थित काली मंदिर के पास सोमवार को महिलाओं और लड़कियों से अभद्र टिप्पणी और छींटाकशी करते एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 296 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। उपनिरीक्षक भूपेश चंद्र कुशवाहा अपने हमराहियों के साथ छठ पर्व को देखते हुए क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि सोनहरिया काली मंदिर के पास एक युवक आने-जाने वाली महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर रहा है।
सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मंदिर के पास छिपकर निगरानी शुरू की। कुछ ही देर में एक युवक को महिलाओं के प्रति अशोभनीय हरकतें और अभद्र टिप्पणियां करते देखा गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुरेंद्र राजभर (आयु लगभग 25 वर्ष), निवासी सोनहरिया बताया। उसने अपने कृत्य को स्वीकार करते हुए माफी मांगी और दोबारा ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।