जमानिया (गाजीपुर): नगर के रेलवे स्टेशन फाटक के पास स्थित आदिति इलेक्ट्रॉनिक एंड ज्वेलर्स की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शनिवार को पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल वर्मा, निवासी जमानिया रेलवे स्टेशन, रोज की तरह गुरुवार रात अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार की सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और काउंटर का ताला टूटा पड़ा था और सारा सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित के मुताबिक, दुकान से करीब 4.70 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण (किल, नथुनी, लकेट, आयरन आदि) और 6.47 लाख रुपये मूल्य के चांदी के सामान (बर्तन, पायल, चैन, करधनी, मूर्तियां आदि) चोरी हो गए। इसके अलावा, काउंटर में रखे 37 हजार रुपये नकद, पासबुक, चेकबुक, दुकान से जुड़े जरूरी कागजात और डीवीआर मशीन भी गायब थी। कुल मिलाकर चोरी का मूल्य लगभग 11.54 लाख रुपये बताया जा रहा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष है और व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।