गाजीपुर| महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण और विश्वास का वातावरण बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान (फेज–5.0) के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में संचालित हुआ। इसके अंतर्गत थाना दिलदारनगर के पंचायत भवन आरंगी, थाना दुल्लहपुर कस्बा, थाना बिरनो, थाना खानपुर, थाना जंगीपुर, थाना मोहम्मदाबाद के स्कूल, कॉलेज व बाजार क्षेत्रों तथा थाना करंडा के सूआपुर बाजार में महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही थाना कासिमाबाद, थाना सैदपुर एवं अन्य सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई —
1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन सेवा), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102/108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), जनसुनवाई पोर्टल, तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के उपयोग और महत्व को बताया गया।
साथ ही नए आपराधिक कानूनों – भारतीय न्याय संहिता (BNS) व भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की मुख्य विशेषताओं से भी लोगों को अवगत कराया गया। इस दौरान स्थानीय थानों पर मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी दी गई और पंपलेट वितरण के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना एवं महिला शक्ति केंद्र योजना जैसी महिला केंद्रित सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।