गाजीपुर। विकास भवन सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी/उपाध्यक्ष संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान सीएससी निर्माण की भौतिक स्थिति, 15वां वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग के भुगतान की प्रगति, पंचायत सचिवालय/जनसुविधा केंद्र की स्थापना व संचालन, सामुदायिक शौचालयों का संचालन तथा ग्राम पंचायतों में निर्मित आरआरसी (RRC) सेंटरों की स्थिति पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने 15वें एवं राज्य वित्त आयोग के भुगतान को 98 प्रतिशत तक बढ़ाने और पंचायत सचिवालय/जनसुविधा केंद्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों का शत-प्रतिशत संचालन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि बंद पाए जाने पर संबंधित केयरटेकर का मानदेय बाधित किया जाएगा। इसके साथ ही विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में स्थित तालाबों में नालों का गंदा पानी प्रवाहित होने की समस्या के समाधान हेतु तालाबों का चिन्हीकरण कर निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में ग्राम पंचायतों में निर्मित आरआरसी सेंटरों का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।