गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में मंगलवार को “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत जनपद में लंबित आवेदनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में परियोजना अधिकारी यूपीनेडा सच्चिदानंद तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती उपासना रानी वर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक (बैंक) राजदेव कुमार, समस्त अधिशासी अभियंता (विद्युत) गाजीपुर, जीएमआर प्रतिनिधि तथा योजना से जुड़े पंजीकृत वेंडर्स उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत विभाग एवं बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परियोजना अधिकारी यूपीनेडा को निरंतर अनुश्रवण कर प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
परियोजना अधिकारी यूपीनेडा ने बताया कि वर्तमान में कुल 141 प्रकरण वेंडर्स के स्तर पर लंबित हैं, जिनमें बैंक द्वारा ऋण का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन वेंडर्स द्वारा इंस्टॉलेशन लंबित है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित वेंडर्स से समन्वय स्थापित कर सभी मामलों का 10 दिनों के भीतर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और लाभार्थियों को शीघ्र लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।