हिन्दू पी.जी. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शरद कुमार ने उत्तर प्रदेश के वित्तमंत्री श्री सुरेंद्र खन्ना द्वारा प्रस्तुत बजट को समावेशी एवं संतुलित बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा पिछड़े वर्गों के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं, जो समाज के विभिन्न वर्गों को राहत प्रदान करने वाले हैं। विशेष रूप से काशी विकास क्षेत्र के गठन को उन्होंने एक दूरदर्शी कदम बताते हुए कहा कि इससे आसपास के जिलों के समग्र एवं तीव्र विकास को गति मिलेगी। प्रोफेसर शरद कुमार ने कहा कि बजट में पिछड़े क्षेत्रों के विकास, सामाजिक कल्याण, क्षेत्रीय असंतुलन को कम करने तथा आर्थिक असमानता घटाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। जिला अस्पतालों में ट्रॉमा सेंटर एवं इमरजेंसी सेवाओं के विस्तार से मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि उद्योग, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में किए गए प्रावधान प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे।