जमानिया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित कक्षा 10 की गणित परीक्षा मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण व अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।
कसेरा पोखरा स्थित सन साइन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अमित कुमार सिंह के अनुसार गणित स्टैंडर्ड विषय में पंजीकृत 272 विद्यार्थियों में से 270 उपस्थित रहे, जबकि दो अनुपस्थित रहे। वहीं गणित बेसिक विषय में 72 पंजीकृत छात्रों में से 70 ने परीक्षा दी और दो अनुपस्थित रहे। नगर के सेंट्रल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रेशु जालान ने बताया कि केंद्र पर परीक्षार्थियों की अच्छी उपस्थिति रही। गणित स्टैंडर्ड में 345 में से 339 उपस्थित हुए, जबकि छह अनुपस्थित रहे। गणित बेसिक में 135 में से 134 छात्रों ने परीक्षा दी और केवल एक छात्र गैरहाजिर रहा। इसी प्रकार हेतिमपुर स्थित एस एस देव पब्लिक स्कूल में कुल 454 पंजीकृत छात्रों में से 449 उपस्थित रहे और पांच छात्र अनुपस्थित रहे। यहाँ गणित स्टैंडर्ड में 297 में से 294 तथा गणित बेसिक में 157 में से 155 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।तीनों केंद्रों को मिलाकर कुल 16 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले छात्रों ने प्रश्नपत्र को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया दी—कुछ ने इसे संतुलित व आसान बताया, जबकि कुछ के अनुसार पेपर मध्यम स्तर का था।