जमानियां (गाजीपुर)|कोतवाली पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए दो चोरी की बाइक, एक देशी तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली प्रभारी रामसजन नागर ने बताया कि उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह एवं बृजेश्वर यादव मय हमराह हेड कांस्टेबल गोवर्धन यादव, कांस्टेबल सचिन कुमार व विनय कुमार के साथ नगर क्षेत्र के पाण्डेय मोड़ पर अपराधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर करीब 3:55 बजे सेंट मेरी स्कूल के पास से वांछित अभियुक्त सुक्खु बिन्द पुत्र जवाहिर बिन्द, निवासी ग्राम धमीना, थाना कन्दवा, जनपद चंदौली को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध स्थानीय थाना में मु0अ0सं0 421/25 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 49/26 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज है। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक अदद देशी तमंचा (.315 बोर) एवं एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना स्थानीय में मु0अ0सं0 50/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी एवं बरामदगी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। अभियुक्त का मेडिकल परीक्षण कराकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।