गाजीपुर। चैत्र नवरात्रि के दृष्टिगत सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने थाना गहमर क्षेत्र अंतर्गत माँ कामाख्या धाम मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा मेला परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मंदिर समिति के सदस्यों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पूरे मंदिर एवं मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए पार्किंग स्थलों की समुचित व्यवस्था करने तथा बैरिकेडिंग कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), प्रभारी निरीक्षक गहमर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।