गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु चलाए जा रहे “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत पुलिस प्रशासन द्वारा जागरूकता और सुरक्षा को लेकर व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त की गई। इस दौरान आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए मिशन शक्ति के उद्देश्यों की जानकारी दी गई।वहीं, एंटी रोमियो टीम द्वारा भी जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखते हुए शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की, जिससे महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर माहौल सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।