जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अभईपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने विज्ञान कक्ष का ताला तोड़कर मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का राशन चोरी कर लिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में रखे एमडीएम के राशन में से चार बोरी अनाज चोर उठा ले गए। शनिवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापक चन्द्रबली सिंह यादव ने कक्ष का टूटा ताला देखा और चोरी की जानकारी हुई।उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए रखा गया राशन विज्ञान कक्ष में सुरक्षित रखा गया था। घटना की लिखित सूचना अभईपुर चौकी प्रभारी को दे दी गई है। विद्यालय पुलिस चौकी के समीप स्थित होने के बावजूद चोरी की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश एवं चिंता का माहौल है।
पुलिस का पक्ष
चौकी प्रभारी अजय भारती ने बताया कि चोरी की तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।