जमानियां (गाजीपुर)। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार स्थानीय तहसील क्षेत्र में व्यापक संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया उपजिलाधिकारी जमानियां एवं क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस, खनन विभाग और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन घेराबंदी कर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान विशेष रूप से ओवरलोड वाहनों, संदिग्ध गतिविधियों तथा बिना वैध प्रपत्रों के संचालित मालवाहक वाहनों की गहनता से जांच की गई। कार्रवाई के क्रम में नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 9 वाहनों को पकड़कर सीज किया गया। इनमें झारखंड, बिहार, नगालैंड तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पंजीकरण नंबर वाले वाहन शामिल हैं।सीज किए गए सभी वाहनों को कोतवाली परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
पुलिस का बयान
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना, दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक अभियान निरंतर जारी रहेंगे, जिससे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।