जमानियां (गाजीपुर)। जनपद के विख्यात कवि एवं कुशल मंच संचालक हरि नारायण सिंह ‘हरीश जी’ के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सम्मान में हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्री निवास सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में वक्ताओं ने हरीश जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें साहित्य जगत की अपूरणीय क्षति बताया। राजनीतिशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मदन गोपाल सिन्हा ने उनके साहित्यिक योगदान एवं सरल व्यक्तित्व को याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. अरुण कुमार, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर बिपिन कुमार, डॉ. अमित कुमार सिंह, इंद्रभान सिंह, मुन्ना राम, दिग्विजय सिंह, पप्पू कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसी क्रम में सौरभ साहित्य परिषद के संस्थापक एवं वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र सिंह के बरूइन स्थित आवास पर भी शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान राजेंद्र सिंह ने हरीश जी को याद करते हुए कहा कि वे साहित्यिक गोष्ठियों एवं कवि सम्मेलनों के लोकप्रिय एवं प्रभावशाली संचालक थे।शोक सभा में पूर्व प्रधानाचार्य छेदी सिंह, पूर्व प्रवक्ता के.डी. सिंह, डॉ. सुरेश राय, डॉ. मदन गोपाल सिन्हा सहित अन्य साहित्यप्रेमियों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। सभा की अध्यक्षता के.डी. सिंह एवं संचालन डॉ. मदन गोपाल सिन्हा ने किया।