गाजीपुर। आगामी 25, 26 व 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आदर्श इंटर कॉलेज महुआबाग, लुर्दस बालिका इंटर कॉलेज तथा शांति निकेतन इंटर कॉलेज बरही समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों, विद्युत आपूर्ति, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, पेयजल व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस बल का सहयोग लिया जाए, ताकि परीक्षा सुचारु रूप से सम्पन्न हो सके। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।