गाजीपुर। थाना गहमर क्षेत्र के चर्चित तिहरे हत्याकांड मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामिया आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेश पर मुनादी कराई है। पुलिस के अनुसार, थाना गहमर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 276/2025 में वांछित अभियुक्त अमित सिंह पुत्र अरविन्द सिंह, निवासी ग्राम गहमर पट्टी खेलू राय लंबे समय से फरार चल रहा है और न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा है। इस पर माननीय न्यायालय (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गाजीपुर) द्वारा बीएनएसएस की धारा 84(1) के तहत उद्घोषणा जारी की गई।

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने अभियुक्त के घर तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर उद्घोषणा की प्रति चस्पा की और ढोल-नगाड़े के साथ मुनादी कराकर उसे शीघ्र न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कुल 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि अभियुक्त शीघ्र न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो उसके विरुद्ध आगे की कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।