जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे सरकारी कार्रवाई में भी खुलकर बाधा डालने लगे हैं। गुरुवार की अहले सुबह अवैध खनन की जांच कर रही टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया और खान निरीक्षक का मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजीपुर के खनन निरीक्षक ईश्वरचन्द व एचएम भोला सिंह यादव 23 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे अवैध खनन एवं परिवहन की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बरुईन नहर के पास उन्हें मिट्टी से लदा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मिला। टीम द्वारा रोकने पर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद टीम ने जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाना जमानिया ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में ही चार अज्ञात व्यक्तियों ने वाहन को घेरकर रोक लिया। दबंगों ने ट्रैक्टर पर चढ़कर बरेसर नहर के पास ही पूरी मिट्टी खाली कर दी। स्थिति को देखते हुए खान निरीक्षक ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और घटना का वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने उनका मोबाइल छीन लिया और साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद खान निरीक्षक ने कोतवाली में तहरीर देकर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा, लूट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।