गाजीपुर। माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर से जागरूकता रैली एवं प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जनपद न्यायालय गेट संख्या-1 से इस रैली को जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनपद न्यायाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आमजन अपने वादों का सहज, सुलभ और त्वरित निस्तारण करा सकते हैं। इनमें प्रमुख रूप से वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा से जुड़े मामले, मोटर दुर्घटना दावा, ऋण वसूली, सेवा एवं बंटवारा विवाद, शमनीय आपराधिक मामले का समाधान सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा।इस अवसर पर विभिन्न न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारी, बैंक अधिकारी, सिविल बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि, अधिवक्ता, मध्यस्थ, पराविधिक स्वयंसेवक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।