गाजीपुर। जनपद में संभावित बाढ़ एवं कटान को देखते हुए संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं का मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील सेवराई क्षेत्र के नरवा घाट गहमर एवं सोझवा घाट गहमर में चल रहे कटान रोधी कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य संपादन की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण स्थल पर प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि आमजन को बेहतर सुरक्षा एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी कटान रोधी कार्य 30 जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण करा लिए जाएं। कार्य में ढिलाई मिलने पर जिलाधिकारी ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने तथा अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड वाराणसी को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सेवराई एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।