गाजीपुर। जनपद में आंगनबाड़ी सहायिका चयन एवं नियुक्ति प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों और अन्य अभिलेखों का भौतिक सत्यापन जारी है। जिला प्रशासन द्वारा गठित त्रिस्तरीय अभिलेखीय सत्यापन उप समिति की ओर से परियोजनावार एवं आंगनबाड़ी केंद्रवार शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी ने बताया कि अभिलेख सत्यापन की अंतिम तिथि पहले 10 मई 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे कुछ अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति के कारण 12 मई तक बढ़ाया गया था। इसके बावजूद कई केंद्रों पर सत्यापन कार्य पूरा नहीं हो सका।इसी को देखते हुए संबंधित परियोजनाओं के बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अनुपस्थित अभ्यर्थियों के स्थान पर नए अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट कर उनकी सूची अनुमोदन के बाद जारी की जाए तथा उन्हें 14 मई 2026 तक सूचना देकर अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 14 मई 2026 की शाम 5 बजे तक हर हाल में सत्यापन कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अनुपस्थित अभ्यर्थियों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा।