गाजीपुर। जनपद में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने को लेकर जिला विद्युत समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार राइफल क्लब में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं जिला विद्युत समिति के संयोजक व सांसद अफजाल अंसारी ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विधायक जयकिशुन साहू, विधायक ओमप्रकाश सिंह, विधायक बेदी राम सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिशासी अभियंता इं. रामसनेही ने सांसद एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए जनपद में विद्युत विभाग द्वारा कराए गए कार्यों का विधानसभा वार विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, जर्जर तारों के बदलाव, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी और सांसद ने विद्युत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सांसद अफजाल अंसारी ने चारों विद्युत खंडों के बड़े बकायेदारों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित स्टोर एवं वर्कशॉप के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश भी दिए गए। अंत में सांसद एवं जिलाधिकारी ने बैठक के सफल आयोजन पर सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।