गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करंडा थाना पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार चौकी प्रभारी बड़सरा उपनिरीक्षक अरुण पाण्डेय अपनी टीम के साथ मैनपुर चट्टी पर चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 64/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त मैनपुर ताल मार्ग स्थित पुलिया के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पंचम कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी ग्राम बयेपुर थाना करंडा जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना करंडा में धारा 331(4), 305(a) एवं 117(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बड़सरा अरुण पाण्डेय एवं थाना करंडा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।