जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा इलाके में 12-13 मई की मध्य रात्रि चाय और सिगरेट के पैसे मांगने को लेकर बारातियों ने जमकर उत्पात मचाया। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक पर लाठी-डंडों और रॉड से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बारात की बस से उतरे कुछ बाराती स्थानीय दुकान पर चाय-सिगरेट लेने पहुंचे। सामान लेने के बाद जब वे बिना पैसे दिए जाने लगे, तो दुकानदार फरहान खान ने उनसे पैसे मांगे। आरोप है कि इस बात पर बाराती गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान वहां मौजूद सुभान टोली निवासी गुलाम हमजा खाँ ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन बारात की बस से उतरे करीब 10 से 12 लोगों ने उस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में हमजा के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घायल की हालत नाजुक देखते हुए उसे तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। मारपीट में दुकानदार के दो बेटों को भी चोटें आई हैं।घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए बस से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित के भाई गुलाम हसन खाँ की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बस नंबर के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।