जमानियां। कोतवाली पुलिस ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी के लिए बिहार ले जाए जा रहे आठ गोवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पाण्डेयपुर मोड़ की ओर से एक बोलेरो पिकअप में गोवंशों को लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भैदपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा, लेकिन भैदपुर गांव के पास सड़क किनारे गिट्टी के ढेर पर गाड़ी अनियंत्रित होकर चढ़ गई। मौका पाकर चालक अंधेरे का लाभ उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक हाथ-पैर बांधकर रखे गए 08 गोवंश बरामद हुए, जिनमें गाय, बछड़े और बछिया शामिल हैं। सभी गोवंश बेसुध हालत में मिले तथा उनके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने तत्काल उन्हें मुक्त कर सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया। ई-चालान ऐप के माध्यम से वाहन स्वामी की पहचान अभिषेक कुमार यादव निवासी फतेहउल्लाहपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।