जमानियां, गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के राजपुर पोखरे के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में नगर पालिका परिषद के एक बिजली कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डम्फर ट्रक ने नगर पालिका के हाइड्रोलिक वाहन को टक्कर मार दी, जिससे ड्यूटी पर तैनात बिजली कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद जमानियां में कार्यरत बिजली कर्मी रामाशंकर शर्मा (47) शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे राजपुर पोखरे के पास सड़क किनारे बिजली संबंधी कार्य कर रहे थे। वह नगर पालिका की ‘मैजिक हाइड्रोलिक’ गाड़ी के साथ मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान गाजीपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डम्फर ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए हाइड्रोलिक वाहन और रामाशंकर शर्मा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि हाइड्रोलिक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रामाशंकर शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर वाहन के डाले में जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी कुन्ती देवी निवासी मोहल्ला हरपुर वार्ड नंबर-23 जमानियां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात डम्फर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद चालक डम्फर लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।