जमानियां, गाजीपुर। कोतवाली पुलिस ने रविवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए गोवध निवारण एवं पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को अवैध असलहा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अदद .315 बोर का तमंचा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक अजय भारती अपने हमराहियों के साथ बरेसर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह भी अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। दोनों पुलिस टीमें क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के संबंध में चर्चा कर ही रही थीं कि तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मामले में प्रयुक्त वाहन का स्वामी, जो कि वांछित अभियुक्त है, रेलवे स्टेशन जमानियां से चक्का बांध की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर दोपहर करीब 2:11 बजे जमानियां स्टेशन स्थित काशीराम आवास के पास से संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक कुमार यादव (23) पुत्र चन्द्रशेखर सिंह यादव निवासी पठानपुर फतेहउल्लाहपुर थाना नंदगंज जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के खिलाफ पहले से ही गोवध निवारण एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज था। अवैध तमंचा बरामद होने के बाद उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया। अभियुक्त का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय भारती (चौकी प्रभारी अभईपुर), उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह (चौकी प्रभारी रेलवे स्टेशन), मुख्य आरक्षी कन्हैया लाल, मुख्य आरक्षी गोवर्धन यादव एवं आरक्षी निलेश यादव शामिल रहे।