जमानियां। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को जमानियां बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए घटना की कड़ी निंदा की और न्यायिक कार्य से विरत रहे। बताया जाता है कि रविवार को लखनऊ में अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़े जाने के विरोध के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने से प्रदेश भर के वकीलों में आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में जमानियां बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जय प्रकाश ने कहा कि अधिवक्ताओं पर हुआ लाठीचार्ज बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जब तक अधिवक्ताओं को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। सर्वसम्मति से घटना के विरोध में निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में घूम-घूमकर प्रदर्शन किया और घटना के विरोध में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में मेराज हसन, फैसल होदा, उमाकांत समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।