जमानियां। क्षेत्र में बिना लाइसेंस और कम उम्र के चालकों द्वारा तेज रफ्तार में वाहन चलाने से सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह दिलदारनगर-जमानियां मार्ग पर धनौता तिराहे के पास तेज रफ्तार मिट्टी लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक बोलेरो वाहन पर पलट गया, जिससे बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी लादकर तेज रफ्तार में दिलदारनगर की ओर जा रही थी। उसी दौरान सामने से एक बोलेरो जमानियां की तरफ आ रही थी। ट्रैक्टर को अनियंत्रित हालत में आता देख बोलेरो चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बावजूद ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर सड़क पर पलटते हुए सीधे बोलेरो पर जा गिरा। हादसे में बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार और अवैध खनन में लगे वाहनों पर कार्रवाई न होने को लेकर नाराजगी जताई। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि घटना की अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।