गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को जिला महिला अस्पताल, मिश्रबाजार का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, प्रसूति वार्ड, शिशु वार्ड, आईसीयू, इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी, अल्ट्रासाउंड कक्ष, दवा वितरण केंद्र तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कक्ष का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों के व्यवहार की जानकारी ली। मरीजों ने दवा वितरण और चिकित्सा सेवाओं को संतोषजनक बताया। डीएम ने प्रसूति वार्ड और नवजात शिशु कक्ष में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं और नवजातों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए।
उन्होंने दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध दवाओं की सूची की जांच की और निर्देश दिया कि मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा और अस्पताल प्रशासन की सराहना की। साथ ही गर्मी को देखते हुए बड़े एग्जॉस्ट फैन लगाने तथा महिला अस्पताल में कैंटीन शुरू करने का सुझाव दिया, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधा मिल सके। डीएम ने अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका भी जांची तथा निर्देश दिया कि मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी समेत अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।