जमानिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे भूमि विवाद निस्तारण अभियान के तहत बुधवार को तहसील क्षेत्र में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर कुल 12 भूमि विवादों का मौके पर ही सफल निस्तारण कराया। इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित कई जमीनी विवादों का समाधान हो गया।
तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत सात विशेष टीमों का गठन किया गया था। प्रत्येक टीम का नेतृत्व राजस्व निरीक्षक कर रहे थे, जिनके साथ लेखपाल और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। टीमों ने चिन्हित गांवों में स्थलीय निरीक्षण कर मामलों की सुनवाई की और मौके पर ही कार्रवाई सुनिश्चित की। अभियान के दौरान धारा-116 के तहत तीन मामलों में पीड़ितों को उनकी जमीन पर वास्तविक कब्जा दिलाया गया। वहीं धारा-24 के अंतर्गत सात विवादित मामलों में भूमि का सीमांकन कर पत्थरगड्डी की कार्रवाई पूरी की गई, जिससे भूमि की सीमाओं को लेकर बना विवाद समाप्त हो सके। इसके अलावा प्रशासन ने सार्वजनिक उपयोग की भूमि से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई की। चकरोड और नाली की भूमि से संबंधित दो मामलों में सीमांकन कर जमीन को चिन्हित किया गया, ताकि भविष्य में अवैध कब्जे की संभावना न रहे। तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर चल रहा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों का कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से समाधान किया जा सके।