गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी जिलाधिकारी आलोक कुमार ने गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम गोदाम का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव, अभिलेखों के संधारण तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की।
प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ और चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान गोदाम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों तथा प्रवेश-निकास रजिस्टर की भी जांच की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं नियमित रूप से अद्यतन एवं व्यवस्थित रखी जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी देवी प्रसाद सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ईवीएम गोदाम की वर्तमान स्थिति और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्रभारी जिलाधिकारी को दी। निरीक्षण के बाद प्रभारी जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।