जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बुद्धिपुर कोट में गर्भवती पत्नी को छत से नीचे फेंककर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के मुख्य आरोपी और मृतका के पति को पुलिस ने शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया, जबकि मामले के तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पत्नी की हत्या के मामले में वांछित इमरान शाह (30 वर्ष) पुत्र जहांगीर शाह, निवासी बुद्धिपुर कोट, जमानिया-करंडा गंगा पुल तिराहा के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि नगर के सुबाहन टोली निवासी सुल्तान अहमद ने अपनी पुत्री आयशा खातून की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व बुद्धिपुर कोट निवासी इमरान शाह से की थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही आयशा को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। बीती 26 मई की रात लगभग 11 बजे चार माह की गर्भवती आयशा को कथित रूप से मारपीट के बाद छत से नीचे फेंक दिया गया था। गंभीर रूप से घायल आयशा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में पति इमरान शाह की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य तीन नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर के नेतृत्व में कांस्टेबल आनंद सिंह, रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक चौधरी, आदर्श कुमार यादव, अजय शुक्ला, रजनी सिंह, वर्षा यादव तथा सरकारी वाहन चालक सुधीर कुमार शुक्ला शामिल रहे।