जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के राघोपुर गांव में एक युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राघोपुर निवासी अवधेश गुप्ता ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वह बुधवार की शाम करीब छह बजे अपने खेत पर गए थे। इसी दौरान गांव के ही सोनू यादव ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और अपशब्दों का प्रयोग किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि गांव में उनका तेली समाज का अकेला परिवार है और इसी कारण उन्हें अक्सर परेशान एवं प्रताड़ित किया जाता है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।