जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बुद्धिपुर गोरवा मोहल्ले में बच्चों के खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। मामले में एक युवक के घायल होने पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरवा मोहल्ला निवासी सीमा देवी ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 24 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी बात की रंजिश रखते हुए झब्बू के दोनों पुत्र, झब्बू की पत्नी तथा लक्षन की पत्नी ने उनके 18 वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार को घेर लिया। तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने कन्हैया कुमार के साथ लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।