गाजीपुर। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राज्य सेक्टर योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक लोगों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जून से शुरू होगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभागीय योजनाओं के तहत आवेदन करने हेतु विभाग का पोर्टल 8 जून से 28 जून 2026 तक खुला रहेगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषाद राज बोट सब्सिडी योजना तथा सघन मत्स्य पालन के लिए एरियेशन सिस्टम स्थापना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा। विभाग के अनुसार योजनाओं से संबंधित परियोजना विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों तथा अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदनकर्ता विभागीय पोर्टल पर जाकर सभी दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि यदि भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में कोई संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम लागू होंगे। पूर्व वर्षों में जिन आवेदनों को निरस्त किया गया था या जो प्रतीक्षारत रहे, ऐसे आवेदक भी पुनः आवेदन कर सकते हैं। योजनाओं के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्य दिवसों में विकास भवन स्थित मत्स्य पालक विकास अभिकरण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।