गाजीपुर। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सक्रिय आपराधिक गैंगों के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत गाजीपुर पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए जिले में सक्रिय 50 गैंगों को चिन्हित किया है। यह अभियान 1 जून से 5 जून 2026 तक पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में संचालित किया गया। पुलिस के अनुसार जनपद में कुछ आपराधिक समूह विभिन्न नामों जैसे कटरा गैंग, महाकाल गैंग, 315 गैंग, फरसा गैंग आदि के नाम से सक्रिय हैं। इनके सदस्य समूह बनाकर कई बाइकों पर चलते हुए लोगों को भयभीत करने, सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने, फेसबुक लाइव एवं इंस्टाग्राम रील्स के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों का प्रदर्शन करने तथा स्थानीय विवादों में हस्तक्षेप कर माहौल खराब करने जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने जिले में सक्रिय 50 गैंगों की पहचान की, जिनमें गैंग लीडरों सहित कुल 401 सदस्य चिन्हित किए गए। इस कार्रवाई के तहत 39 अभियोग दर्ज किए गए तथा 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस विभाग ने बताया कि चिन्हित गैंगों के सरगनाओं और सदस्यों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है, ताकि उनकी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सोशल मीडिया पर सक्रिय आपराधिक समूहों और उनकी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।