जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय मासूम की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृत बालक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। जानकारी के अनुसार, जीवपुर गांव निवासी धर्मेंद्र यादव का सात वर्षीय पुत्र कृष्णा यादव उर्फ लाडू शनिवार सुबह करीब आठ बजे घर के पास खेल रहा था। कुछ देर बाद जब परिजन उसे भोजन के लिए बुलाने पहुंचे तो वह कहीं दिखाई नहीं दिया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से बालक की तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान घर के समीप स्थित नहर में तलाश की गई, जहां कुछ देर बाद मासूम का शव बरामद हुआ। आशंका व्यक्त की जा रही है कि खेलते समय बालक नहर के किनारे पहुंच गया होगा और पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरकर डूब गया।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया जाता है कि मृतक के पिता धर्मेंद्र यादव अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। इकलौते पुत्र की असमय मौत की खबर मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि मृतक के बड़े पिता के पुत्र सत्यपाल यादव की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।