गाजीपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व आयुष विभाग द्वारा जनपद में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दिग्विजय नाथ ने किया। रैली का शुभारंभ क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी तथा जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. अच्छेलाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली रायफल क्लब परिसर से प्रारंभ होकर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, रौजा परिसर में संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आमजन को योग के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर मनाया जा रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, ज्ञान एवं विश्व शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भी उद्देश्य रखा गया है। अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक संतुलन एवं आध्यात्मिक उन्नति का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि योग का वैश्विक महत्व लगातार बढ़ रहा है और यह मानव जीवन को स्वस्थ एवं संतुलित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। योग दिवस के मुख्य आयोजन में मानक योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। इस अवसर पर आयुष विभाग के सभी चिकित्साधिकारी, चीफ फार्मासिस्ट, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, कार्यालय के समस्त कर्मचारी एवं कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दिग्विजय नाथ ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।