गाजीपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक संचालित समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, गाजीपुर द्वारा रायफल क्लब परिसर में आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का रविवार को समापन हो गया। प्रदर्शनी के अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में केन्द्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विगत 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनहितकारी योजनाओं को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया। इसका उद्देश्य आमजन को सरकार की विकास यात्रा, उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं से अवगत कराना था। प्रदर्शनी में युवा, महिला, किसान, गरीब एवं वंचित वर्ग के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में विकसित हो रही आधारभूत संरचनाओं, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा, तकनीकी विकास तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाले कार्यक्रमों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। सूचना विभाग, गाजीपुर द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
विकास प्रदर्शनी एवं मेले का समापन जिला विकास अधिकारी राजन राय द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में जिला खाद एवं ग्रामोद्योग विभाग, उद्योग विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण विभाग, मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, डाक विभाग, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग तथा पशुपालन विभाग सहित अनेक विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया गया। चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी ने सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा लोगों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया।